वेद मंत्रों की गूंज, जयकारों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था….
चंडीगढ़, 5 मई 2026: सेक्टर-24 स्थित प्राचीन शिव मंदिर इन दिनों भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा, जहां 1 मई से 5 मई तक आयोजित श्री गणेश एवं सिन्दूरी हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मंगलवार को विधिवत समापन हुआ। पांच दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने न केवल मंदिर परिसर, बल्कि पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
मंगलवार को प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य अनुष्ठान के दौरान जैसे ही वेद मंत्रों का उच्चारण शुरू हुआ, वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। भगवान श्री गणेश एवं सिन्दूरी हनुमान जी की प्रतिमाओं की विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और “जय श्री राम” व “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
अनुष्ठान के अंतिम दिन विभिन्न वैदिक मंडलों—सर्वतोभद्र मंडल, वास्तु मंडल, क्षेत्रपाल मंडल, नवग्रह मंडल, चौसठ योगिनी मंडल सहित गणेश आदि सभी देवी-देवताओं का पूजन किया गया। इसके साथ ही भगवान श्री गणेश एवं सिन्दूरी हनुमान की प्रतिमाओं का 27 पवित्र तीर्थों के जल से अभिषेक किया गया। अभिषेक में औषधियों, जड़ी-बूटियों, वनस्पतियों के जल, दूध, दही, घी, शक्कर, शहद, गंगाजल और गौमूत्र आदी से स्नान कराया गया, जिससे पूरा वातावरण दिव्यता से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर संदीप मौदगिल, न्याधीश पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट चण्डीगढ ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और महोत्सव का हिस्सा बने।
पूरे अनुष्ठान को 9 विद्वान ब्राह्मणों एवं 9 वेदपाठी विद्यार्थियों द्वारा वेद मंत्रों के साथ संपन्न कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में पंडित लाखीराम भारद्वाज, पंडित दिनेश शास्त्री, पंडित चन्द्रभूषण शास्त्री, पंडित रामगोपाल शास्त्री, पंडित शिवकुमार शास्त्री, पंडित नीरज शास्त्री, पंडित प्रदीप शास्त्री, पंडित भगवान दास शास्त्री और पंडित दनित शास्त्री सहित अन्य विद्वान आचार्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महोत्सव के दौरान स्थानीय महिला कीर्तन मंडलियों ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन-कीर्तन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर सनातन धर्म शिव मंदिर सभा, सेक्टर-24ए, चंडीगढ़ के प्रधान आदर्श शर्मा, महामंत्री रतनलाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष कुश भल्ला दिनेश मेहता, प्रबंधक एडवोकेट संजीव भारती, सह-प्रबंधक विवेक कुमार शर्मा और सुरेश बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मंदिर के पंडित चंद्रभूषण ने बताया कि यह पांच दिवसीय महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई थी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता हैं, जो जीवन की सभी बाधाओं को दूर करते हैं, वहीं सिन्दूरी हनुमान शक्ति, भक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं।


