निगम चुनावों को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अभियान….
आगामी दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बीएलए (Booth Level Agents) और बूथ कमेटियों की बैठकों का सिलसिला पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है।
आज तीसरे दिन पार्टी द्वारा शहर के पांच वार्डों में लगातार बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें बूथ कमेटियों और बीएलए के सदस्यों को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी एसआईआर (Special Intensive Revision) को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
पिछले दो दिनों से मनीष तिवारी सांसद चंडीगढ़, और एच एस लक्की अध्यक्ष, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी, स्वयं विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से संवाद कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बूथ कमेटियों की अहम भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य दिसंबर 2026 के नगर निगम चुनाव हैं और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी अपने दमखम पर शहर के 35 के 35 वार्डों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और अधिकतम सीटों पर विजय प्राप्त कर नगर निगम में कांग्रेस का मेयर बनाएगी।
सांसद मनीष तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ कमेटी किसी भी चुनाव की रीढ़ होती है। यदि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होता है, तो पार्टी की जीत सुनिश्चित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क बढ़ाने और मतदाताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
पार्टी द्वारा पिछले तीन दिनों में शहर के 15 वार्डों में बूथ कमेटियों की सफलतापूर्वक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। कल पांच और वार्डों में बैठकें प्रस्तावित हैं, जबकि शेष 15 वार्डों में भी आने वाले दिनों में इसी प्रकार की बैठकें आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस पार्टी ने लक्ष्य रखा है कि अप्रैल माह के भीतर सभी 35 वार्डों में बूथ कमेटियों और बीएलए का पूर्ण गठन कर लिया जाएगा।
इसके पश्चात मई माह में पार्टी द्वारा एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया और चुनावी प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि चुनाव के दौरान पार्टी पूरी तैयारी और रणनीति के साथ मैदान में उतर सके।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का मानना है कि मजबूत संगठन, प्रशिक्षित कार्यकर्ता और प्रभावी बूथ प्रबंधन के बल पर पार्टी आगामी नगर निगम चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी और शहर की जनता को एक जवाबदेह एवं विकासोन्मुख प्रशासन प्रदान करेगी।
H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress


