लाइव कैलेंडर

March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

भाजपा मेयर के एक साल के कार्यकाल की ऐतिहासिक विफलताओं को कांग्रेस ने तथ्यों के साथ किया उजागर….

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की, सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी, डिप्टी मेयर तरुणा मेहता, पार्षद गुरप्रीत गाबी, सचिन गालव, दर्शना राणी और निर्मला देवी ने आज एक संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा नेताओं और मेयर द्वारा कल की गई प्रेस वार्ता का करारा जवाब दिया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा मेयर द्वारा गिनाई गई तथाकथित “उपलब्धियों” को तथ्यों के आधार पर पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि बीता एक वर्ष विफलताओं, अव्यवस्था और जनविरोधी फैसलों से भरा रहा है।

कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान नगर निगम महापौर का कार्यकाल चंडीगढ़ के इतिहास में प्रशासनिक अराजकता, संवेदनहीनता और दिशाहीनता का प्रतीक बन चुका है। यह आरोप नहीं, बल्कि बीते एक वर्ष की कड़वी सच्चाई है।

🐄 गौशाला कांड: संवेदनहीनता की पराकाष्ठा

गाय के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के मेयर के कार्यकाल के दूसरे ही दिन मलोया गौशाला में करंट लगने से 8 गायों और एक नंदी की दर्दनाक मौत हो गई। जांच की घोषणा तो की गई, लेकिन आज तक न कोई निष्पक्ष जांच हुई और न ही दोषियों पर कार्रवाई। इसके बाद रायपुरकलां गौशाला में 50 से अधिक गायों, नंदियों और बछड़ों की मौत ने प्रशासनिक संवेदनहीनता को पूरी तरह उजागर कर दिया।

💰 आर्थिक कुप्रबंधन: निगम को दिवालियेपन की ओर धकेला

नगर निगम कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पेंशन फंड से पैसा निकालना पड़ा, जो अपने आप में वित्तीय कुप्रबंधन का सबसे बड़ा प्रमाण है। पूरे वर्ष केंद्र सरकार और प्रशासन से पर्याप्त फंड नहीं मिला, जिसके चलते कर्मचारी और आम जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर हुई। जो सीमित फंड मिला, वह “ऊंट के मुंह में जीरा” साबित हुआ।

🚰 जल व्यवस्था पूरी तरह फेल

मणिमाजरा में 24 घंटे पानी सप्लाई का दावा पूरी तरह विफल रहा। इससे जनता को परेशानी हुई और निगम के राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचा। आज भी मणिमाजरा के लोग पानी कनेक्शन और NOC के लिए निगम कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

👨‍🚒 रोजगार पर सीधा हमला

फायर ब्रिगेड कर्मी, ट्यूबवेल ऑपरेटर, कोविड फील्ड स्टाफ और स्काडा स्टाफ — जिन्होंने संकट के समय शहर की सेवा की — उन्हें सम्मान देने के बजाय नौकरी से बाहर कर दिया गया। यह फैसला अमानवीय और असंवेदनशील प्रशासन का उदाहरण है।

🏠 जनता पर आर्थिक बोझ

महापौर कार्यकाल में प्रॉपर्टी टैक्स तीन गुना करने का प्रयास किया गया। भारी जनविरोध के बाद मजबूरी में इसे दो गुना किया गया, जिससे शहरवासियों में भारी आक्रोश है।

🛣️ निगम की स्वायत्तता पर चोट

नगर निगम की प्रमुख सड़कों को चंडीगढ़ प्रशासन को सौंप दिया गया, जिससे निगम कमजोर हुआ। एक-एक कर बड़े प्रोजेक्ट फेल हुए। पॉकेट नंबर-6 की कीमती जमीन को कौड़ियों के भाव बेचने की कोशिश और उससे जुड़ा षड्यंत्र भी इसी कार्यकाल की काली सच्चाई है।

🗑️ स्वच्छता व्यवस्था ध्वस्त

डडूमाजरा डंपिंग ग्राउंड का कचरा बिना प्रोसेसिंग के अन्य जिलों में भेजा गया। सूखा-गीला कचरा पृथक्करण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जिससे शहर की स्वच्छता रैंकिंग और छवि को नुकसान हुआ।

🚇 झूठे विकास वादे

मेट्रो प्रोजेक्ट आज भी केवल कागज़ों में है। संसद में पूछे गए सवालों और दिए गए जवाबों ने भाजपा के खोखले दावों की पोल खोल दी है।

🏛️ लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अवहेलना

महत्वपूर्ण बैठकों में केवल महापौर की एकतरफा भूमिका रही। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर की लगातार अनदेखी की गई। यहां तक कि अपनी ही पार्टी के पार्षदों को साथ लेकर चलने में भी महापौर पूरी तरह असफल रहे।

जनता का निष्कर्ष

आज चंडीगढ़ की जनता एक स्वर में कह रही है —

“सड़कों में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़कें हैं।”

पिछले 30 वर्षों में चंडीगढ़ की छवि को जितना नुकसान इस एक वर्ष में हुआ है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ।

सांसद मनीष तिवारी पर भाजपा के आरोप भ्रामक

कांग्रेस ने सांसद मनीष तिवारी के योगदान पर भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को सिरे से खारिज किया। कांग्रेस ने कहा कि मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ के हर मुद्दे को न केवल संसद में गंभीरता से उठाया, बल्कि नगर निगम को मजबूत करने के लिए केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न समितियों के समक्ष दिल्ली फाइनेंस कमीशन की तर्ज पर 1700 करोड़ रुपये का हक दिलाने की पुरजोर वकालत की।

उन्होंने नगर निगम के लिए पांच साल का, जनता द्वारा सीधे चुना गया मेयर प्रणाली का समर्थन किया और डडूमाजरा के कूड़े के पहाड़ का मुद्दा भी लगातार उठाया। इससे स्पष्ट है कि सांसद पूरी निष्ठा और संजीदगी से अपना दायित्व निभा रहे हैं। उन्हें भाजपा के सर्टिफिकेट की नहीं, जनता के भरोसे की जरूरत है।

कांग्रेस ने कहा कि जनता सब देख रही है और दिसंबर 2026 में होने वाले नगर निगम चुनावों में भाजपा को अपनी विफलताओं का पूरा हिसाब देना होगा।

— एच.एस. लक्की

अध्यक्ष, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी