116 देशों तक गूंजा विनम्रता, करुणा और प्रेम का संदेश, 8वें अंतरराष्ट्रीय एचकेएल सम्मेलन का भव्य आगाज़…..
जालंधर (अमरपाल नूरपुरी) : बुलंदपुरी साहिब में 8वें अंतरराष्ट्रीय एचकेएल ग्लोबल मूवमेंट सम्मेलन का भव्य शुभारंभ 116 देशों के झंडे फहराने की विशेष रस्म के साथ हुआ। महज दो वर्षों में 116 देशों तक पहुंच चुके इस आंदोलन के सम्मेलन में 51 देशों के विद्वानों, वक्ताओं और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पंजाब के माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया विशेष रूप से पहुंचे। एचकेएल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “आज दुनिया ईर्ष्या, नफरत और आपसी टकराव से घिरी हुई है। ऐसे समय में विनम्रता, करुणा और प्रेम का संदेश पूरे विश्व की जरूरत है। भारत की धरती से शुरू हुआ यह आंदोलन दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचना हमारे लिए गर्व की बात है।” उन्होंने विभिन्न देशों से आए मेहमानों का स्वागत भी किया।
राज्यपाल ने इस अवसर पर यह भी कहा, “संत बाबा बलदेव सिंह जी के मार्गदर्शन में चल रहा विनम्रता, करुणा और प्रेम का आंदोलन आज पूरे विश्व की जरूरत है।”
आंदोलन के संस्थापक संत बाबा बलदेव सिंह जी ने कहा, “एचकेएल ग्लोबल मूवमेंट का पूरे संसार के लिए यह संदेश है कि मेडिटेशन के माध्यम से हम अपने भीतर आध्यात्मिक गुणों को जागृत कर सकते हैं और इन गुणों के जरिए स्वयं को, अपने घरों को और पूरे संसार को बेहद खूबसूरत बना सकते हैं।”


