चंडीगढ़ की राजनीति में बड़ा उलटफेर: एडवोकेट विवेक हंस गरचा सैकड़ों समर्थकों सहित ‘आप’ में शामिल….
चंडीगढ़, 31 जुलाई। आगामी नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने अपनी पूरी टीम और सैकड़ों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया। इस राजनीतिक घटनाक्रम को शहर की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिए हैं कि एडवोकेट विवेक हंस गरचा को संगठन में जल्द ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
यह जॉइनिंग कार्यक्रम आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं विधायक जरनैल सिंह की मौजूदगी में रिंकू बहादुरी द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान उनके साथ पंजाब विश्वविद्यालय के चर्चित छात्र नेता देवक सोनी भी अपने समर्थकों सहित पार्टी में शामिल हुए, जबकि वार्ड नंबर 29 के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं एनजीओ संचालक रोहित बिड़ला ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों, ईमानदार राजनीति और विकास मॉडल से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एडवोकेट विवेक हंस गरचा जैसे जनआधार वाले नेता के शामिल होने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी तथा आगामी नगर निगम चुनावों में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा।
महिला विंग की जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट रिंकू बहादुरी ने कहा कि पिछले कई सप्ताह से विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और युवा संगठनों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा था। इसी प्रयास का परिणाम है कि बड़ी संख्या में प्रभावशाली लोग आम आदमी पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने एडवोकेट विवेक हंस गरचा और उनकी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और जनसंपर्क का लाभ संगठन को अवश्य मिलेगा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह, महासचिव ओंकार सिंह औलख, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, पार्षद सरदार हरदीप सिंह, योगेश ढींगरा, ऑब्जर्वर विनीत वर्मा, महिला विंग की जनरल सेक्रेटरी रिंकू बहादुरी तथा रूरल प्रधान जगपाल जग्गा सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पार्टी में शामिल होने के बाद एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी की शिक्षा, स्वास्थ्य, पारदर्शिता और जनसेवा आधारित राजनीति से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की आवाज़ को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी तथा वे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एडवोकेट विवेक हंस गरचा और उनके समर्थकों का आम आदमी पार्टी में शामिल होना आगामी नगर निगम चुनावों से पहले पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त साबित हो सकता है। पार्टी नेतृत्व ने भी विश्वास जताया कि युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के बढ़ते समर्थन से आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ में और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।


