DGP पंजाब व PSHRC के आदेशों की धज्जियां उड़ा रही होशियारपुर पुलिस….
होशियारपुर:–रेलवे मंडी (होशियारपुर) के मकान नं. 43-ए की निवासी एवं डाकघर की आर.डी. एजेंट सुमन डोगरा पत्नी मक्खन लाल डोगरा ने स्थानीय पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। रेलवे मंडी मोहल्ले के व्यक्तियों द्वारा अश्लील हरकतें करने, भद्दे कमेंट करने तथा गाली-गलौच करने के गंभीर आरोपों के बावजूद पीड़ित महिला और उसका परिवार इंसाफ के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस महानिदेशक (DGP) पंजाब और पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग (PSHRC) द्वारा सख्त आदेश जारी किए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस नामजद आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
शिकायतकर्ता सुमन डोगरा ने बताया कि उनके पति और बेटा दोनों शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। वे लोग मकान नं. 43-ए, रेलवे मंडी में वर्ष 1991 से रह रहे हैं और डाकघर की आर.डी. एजेंट के रूप में लोगों से प्रीमियम इकट्ठा कर पोस्ट ऑफिस में जमा करवाने का कार्य करती हैं। जब भी वह अपने काम के सिलसिले में घर-घर आती-जाती हैं, तो ये लोग लगातार उनका पीछा (Stalking) करते हैं।
मुख्य आरोपी:–
जगजीवन गौतम उर्फ बिट्टू
संजीव बहिल उर्फ रामा
अंश बहिल (संजीव बहिल का पुत्र)
गुरु दत्त उर्फ बब्बू
ये लोग 27.05.2025 को शाम करीब 6:30 बजे बिना किसी डर के उनके घर के बाहर ही उनके पति के सामने मोबाइल से वीडियो बनाने लग गए, जिससे एक महिला की मान-मर्यादा, निजता (Privacy) और गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में भी साफ दिख रहा है कि ये आरोपी वीडियो बना रहे हैं। इसके अलावा, ये रास्ते में और सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील इशारे व कमेंट करते हैं तथा विरोध करने पर वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकियां देते हैं।
चरित्र पर दाग लगाने और पुलिस के चक्कर:–
पीड़िता ने आगे बताया कि पहले उन्होंने थाना मॉडल टाउन होशियारपुर में शिकायत दी, फिर एसएसपी होशियारपुर को भी दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जालंधर के I.G. दफ्तर में शिकायत दी। आरोपी संजीव बहिल का बेटा अंश बहिल भी उन्हें रास्ते में घेरकर अश्लील गालियां देता है, गंदे कमेंट करता है और पुलिस में दी गई दरखास्त वापस लेने के लिए धमकियां देता है। इसके अलावा, मोहल्ले में उनके चरित्र पर दाग लगाया जा रहा है और गलत टिप्पणियां कर उनकी छवि धूमिल की जा रही है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी विशाल शर्मा (मकान नं. 45-ऐ, रेलवे मंडी) के खिलाफ सीसीटीवी वीडियो के आधार पर पहले भी अश्लील इशारे, टिप्पणियां और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोपों में साल 2023 में थाना मॉडल टाउन में एफ.आई.आर. नंबर 88/2023 दर्ज करवाई जा चुकी है, और विशाल के खिलाफ यह FIR DGP पंजाब व PSHRC के आदेशों के द्वारा हुई थी।
आरोपियों का काउंटर और पुलिस की एकतरफा रिपोर्ट:
पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत दी, तो आरोपियों ने वहाँ यह झूठा जवाब दिया कि उनके घर पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से आस-पड़ोस की प्राइवेसी लीक होती है और इनका परिवार झगड़ालू है, मोहल्ले के हर परिवार से इनका झगड़ा होता रहता है। इस पक्ष में उन्होंने मोहल्ले के 10-12 व्यक्तियों के संयुक्त बयान थाने में पेश किए। इस मामले को लेकर उन्होंने पुलिस के डी.एस.पी. और एस.एस.पी. तक से मुलाकात की, लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और आलाधिकारी सिर्फ यह आश्वासन देते रहे कि आरोपियों के खिलाफ अवश्य कार्रवाई की जाएगी।
MC बलविंदर कतना की शह का आरोप:
इस पूरे घटनाक्रम में मोहल्ले के एम.सी. बलविंदर कतना ने बीच में आकर अपने बयान दिलवाए और राजनीतिक रसूख के चलते पुलिस से एकतरफा रिपोर्ट तैयार करवा दी। सुमन डोगरा ने बताया कि जब यह घटना हुई थी, तब बलविंदर कतना पार्षद नहीं थे, बल्कि उनकी पत्नी मोनिका कतना पार्षद थीं (बलविंदर कतना तो जुलाई के चुनाव में पार्षद बने हैं)। इसके बावजूद उन्होंने अपनी पत्नी के कार्यकाल में भी और अब खुद भी अपने पद का गलत इस्तेमाल करके आरोपियों को बेखौफ बचाया है। बलविंदर कतना की इस कार्यप्रणाली और दस्तावेजों पर गलत तरीके से दस्तखत करने के बावजूद पुलिस ने अभी तक इस पर कोई एक्शन नहीं लिया है, और वे पुलिस को गुमराह करके मामले को दबाने का दम भर रहे हैं।


