नारी जागृति मंच ने ‘नशा एक दीमक’ अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता एवं शपथ समारोह आयोजित किया….
चंडीगढ़, 25 सितंबर 2026: नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जेन जी (Gen Z)(बच्चों) और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से नारी जागृति मंच द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सेक्टर 40-बी स्थित श्री हनुमंत धाम में विशेष शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 300 से अधिक श्री हनुमंत धाम के चैरिटेबल कंप्यूटर, कोचिंग, सिलाई सेंटर में पढ़ रहे बच्चों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम नारी जागृति मंच की प्रधान नीना तिवाड़ी तथा सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन के एसएचओ की मौजूदगी में आयोजित हुआ। इस अवसर पर बच्चों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने साथियों और आसपास के लोगों को नशे से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
नारी जागृति मंच की प्रधान नीना तिवाड़ी ने कहा कि नशा एक ऐसी दीमक है, जो इंसान की सेहत, उसके विवेक और उसके भविष्य को पूरी तरह नष्ट कर देता है। आज के समय में शराब, सिगरेट, गुटखा और ड्रग्स जैसी नशीली चीजों का सेवन लगातार बढ़ रहा है। हमारा समाज इस बुरी संगत और नशे की लत का सबसे ज्यादा शिकार हो रहा है। लोग अक्सर क्षणिक तनाव या दुखों को भूलने के लिए नशे का सहारा लेते हैं, लेकिन यह किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि एक विनाशकारी रास्ता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में बड़े और बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। खासकर बच्चों में नशे की लत बढ़ना चिंता का विषय है। बच्चे विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं और जानकारी के अभाव में धीरे-धीरे इस दलदल में फंसते जा रहे हैं। इस दौरान बच्चों को नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान और खतरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन के एसएचओ श्री जयप्रकाश जी ने बच्चों को ड्रग्स के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने 1 जुलाई 2024 से लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी बच्चों को अवगत करवाया। इसके बाद बच्चों को शपथ दिलाई गई कि वे जीवन में कभी भी ड्रग्स का सेवन नहीं करेंगे और अपने आसपास किसी भी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में देखते हैं तो उसे नशे से मुक्त होने के लिए जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर पाल शर्मा, उषा सिंगला, सुदर्शन शर्मा, सुनीता आनंद, सरला, दर्शना देवी, सुशीला केसर, सुमन ठक्कर, कृष्णा देवी, उर्मिल देवी, राज दुलारी, कुमुद, अलका जोशी, दीप्ति और कंचन सहित नारी जागृति मंच के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


