लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

करोड़ों रुपये के टेबल एजेंडा को 15 सेकंड में पास करना लोकतंत्र का मज़ाक : एडवोकेट विवेक हंस गरचा….

चंडीगढ़, 6 अगस्त। आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने नगर निगम चंडीगढ़ में करोड़ों रुपये के प्रस्तावों को बिना पर्याप्त चर्चा, समीक्षा और पारदर्शिता के पारित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया है।

एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि लगभग ₹227 करोड़ से अधिक के प्रस्तावों को मात्र 15 सेकंड में पारित कर दिया गया, जबकि करीब 500 पन्नों के दस्तावेज़ और लगभग ₹300 करोड़ से संबंधित एजेंडा अंतिम समय में टेबल एजेंडा के रूप में सदन के सामने रखा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पार्षदों को दस्तावेज़ों का अध्ययन करने, विशेषज्ञों से राय लेने और जनता के हितों का मूल्यांकन करने का पर्याप्त समय ही नहीं दिया गया, तो इतनी बड़ी वित्तीय स्वीकृतियां किस आधार पर दी गईं?

उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता के टैक्स के पैसे से चलता है और करोड़ों रुपये के निर्णयों को इस प्रकार जल्दबाजी में पारित करना गंभीर संदेह पैदा करता है। यह केवल प्रक्रियाओं का उल्लंघन नहीं बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही की मूल भावना के भी विरुद्ध है।

एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने इसी मुद्दे को लेकर आज चंडीगढ़ में गवर्नर हाउस तक पैदल मार्च निकाला तथा माननीय राज्यपाल महोदय के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता, पक्षपात या भ्रष्टाचार पाया जाता है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बहस, पारदर्शिता और जवाबदेही केवल औपचारिकताएं नहीं बल्कि जनता के अधिकार हैं। जनता के पैसों से जुड़े फैसले बंद कमरों में या जल्दबाजी में नहीं लिए जा सकते। चंडीगढ़ की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनके टैक्स का पैसा कहां और किस प्रक्रिया के तहत खर्च किया जा रहा है।

एडवोकेट विवेक हंस गरचा ने स्पष्ट कहा कि आम आदमी पार्टी नगर निगम में चल रही कथित भ्रष्टाचार, अपारदर्शिता और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। पार्टी हर उस आवाज़ के साथ खड़ी होगी जो ईमानदार शासन, वित्तीय पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उठेगी।

“जनता का पैसा है, जनता को हिसाब देना होगा। लोकतंत्र को 15 सेकंड में कुचलने नहीं दिया जाएगा।”

— एडवोकेट विवेक हंस गरचा

सीनियर लीडर, आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़