लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान सेक्टर-15 पहुँचा, मोदी सरकार ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला : एच.एस. लक्की….

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आज सेक्टर-15 मेयर सौरभ जोशी के वार्ड में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा में छात्रों को संबोधित करते हुए दिए गए भाषण का बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्थानीय निवासियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम का आयोजन पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष जतिन सिंह रवी शाह एवं अश्विनी कौशल के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश के युवाओं का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस देश का युवा निराश, हताश और असुरक्षित महसूस करने लगे, उस सरकार के पास नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह जाता।

लक्की ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार हुए पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी ने लाखों छात्रों और युवाओं के सपनों को तोड़ दिया है। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बावजूद युवाओं को न तो निष्पक्ष परीक्षाओं की गारंटी मिल रही है और न ही रोजगार के अवसर। यही कारण है कि आज देश का युवा स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

उन्होंने हाल ही में चंडीगढ़ आए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे शहर आए तो युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और छात्रों ने उन्हें काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया। लक्की ने कहा कि शिक्षा मंत्री इमरजेंसी पर भाषण देने आए थे, लेकिन देशभर में हुए दर्जनों पेपर लीक, भर्ती घोटालों और छात्रों के भविष्य से हुए खिलवाड़ पर उन्होंने आज तक एक शब्द भी नहीं बोला। यह उनकी संवेदनहीनता और जवाबदेही से बचने का सबसे बड़ा प्रमाण है।

एच.एस. लक्की ने कहा कि यदि धर्मेंद्र प्रधान के भीतर नैतिकता का थोड़ा भी भाव शेष है तो उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए, क्योंकि शिक्षा मंत्रालय छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रहा है।

 

इस अवसर पर पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष जतिन सिंह ने कहा कि वे स्वयं छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और छात्रों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि आज चंडीगढ़ सहित पूरे देश में छात्रों के बीच गहरी मायूसी का माहौल है। विद्यार्थियों को लगने लगा है कि कठिन परिश्रम और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्हें रोजगार की कोई गारंटी नहीं है। दूसरी ओर, लगातार हो रहे पेपर लीक ने छात्रों का परीक्षा प्रणाली और सरकारी संस्थाओं से विश्वास पूरी तरह समाप्त कर दिया है।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी केंद्र सरकार की शिक्षा और रोजगार संबंधी नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए मांग की कि भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि छात्रों के अधिकारों, निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर पार्टी का जनजागरण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress