विश्व नमोकार दिवस पर जैन समाज का भव्य आयोजन….
आज विश्व नमोकार दिवस के अवसर पर विश्वभर में समस्त जैन समुदायों द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम जीतो, चंडीगढ़ चैप्टर द्वारा पंजाब लोक भवन में एक भव्य आयोजन किया गया, जिसमें चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 800 जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जीतो चंडीगढ़ की और से चेयरमैन श्री लोकेश जैन ने धर्म सभा को सम्बोधित किया।
दिगंबर जैन समाज का नेतृत्व मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज ने किया। मुनि श्री ने प्रातः अभिषेक एवं नित्य नियम पूजा के उपरांत सैकड़ों शिष्यों के साथ पैदल यात्रा करते हुए राज भवन के लिए प्रस्थान किया। यह यात्रा प्रातः 8 बजे राज भवन पहुँची, जहाँ गुरु नानक ऑडिटोरियम में एक घंटे तक नमोकार मंत्र का सामूहिक जाप किया गया।
श्वेतांबर जैन समाज की ओर से साध्वी Dr. सुनीता जी महाराज ,साध्वी साक्षी जी महाराज, साध्वी प्रियांशी जी महाराज, साध्वी संतोष जी महाराज, साध्वी सुदेश जी महाराज के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अपने उद्बोधन में साध्वी संतोष जी महाराज ने नमोकार मंत्र के दैनिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज ने नमोकार मंत्र के मूल सिद्धांत एवं उसके जाप की विधि के बारे में विस्तार से बताया।
माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी ने अपने संबोधन में जैन सिद्धांतों के महत्व को बताते हुए कहा कि ये सिद्धांत स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रीति भोज का आनंद लिया तथा मुनि श्री आहार चर्या हेतु पधारे। मुनि श्री का आहार राज भवन में ही आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल महोदय श्री गुलाब चाँद कटारिया सहित श्री धर्म बहादुर जैन (अध्यक्ष श्री दिगम्बर जैन सोसाइटी एवं वाईस चेयरमैन जीतो, चंडीगढ़ ), एडवोकेट आदर्श जैन, श्री नवरत्न जैन, श्रीमती मेम लता जैन, श्रीमती प्रमिला जैन एवं श्रीमती चंदा जैन ने आहार अर्पित किया।
दिगंबर जैन परंपरा में आहार दान को सर्वोच्च दान माना जाता है तथा मुनि प्रतिदिन केवल एक बार ही आहार ग्रहण करते हैं।
आहार के पश्चात मुनि श्री अपने शिष्यों के साथ पुनः पैदल श्री दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर 27, चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान कर गए।


