लाइव कैलेंडर

June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

LIVE FM सुनें

India News24x7 Live

Online Latest Breaking News

रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और लोगों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में आ रही भारी दिक्कत….

रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और लोगों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में आ रही भारी दिक्कतों के विरोध में आज चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा बापूधाम कॉलोनी में वाल्मीकि धर्मशाला के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच. एस. लकी ने किया।

इस रोष प्रदर्शन का आयोजन चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुमनलता वैद्य के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रसोई गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी और सिलेंडरों की कमी को लेकर अपना गहरा आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एच. एस. लकी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश की जनता को गुमराह कर रही है। एक तरफ सरकार यह दावा कर रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है, वहीं दूसरी ओर रसोई गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 की बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह फैसला और अधिक अन्यायपूर्ण है।

लकी ने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि आम लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। पहले जहां सिलेंडर के लिए 15 दिन का वेटिंग पीरियड होता था, उसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस संकट का सही आकलन नहीं किया और न ही जमीनी स्तर पर इसकी प्रभावी निगरानी की जा रही है। परिणामस्वरूप गैस सिलेंडरों की सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

एच. एस. लकी ने चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर तुरंत सख्ती से रोक लगाई जाए तथा गैस एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर रसोई गैस की सप्लाई को सुचारू बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुमनलता वैद्य ने भी अपने विचार रखते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की और कहा कि महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत से सबसे अधिक प्रभावित महिलाएं और गरीब परिवार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस आम जनता की आवाज बनकर ऐसे जनविरोधी फैसलों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रायदीप सिद्धू, , जेपी, मनोज, लारा, अनिल, अनुज सहित कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

H s Lucky President Chandigarh Pradesh Congress