नार्थ ज़ोन फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन एजी दिल्ली और एजी यूपी के बीच कड़ा मुक़ाबला, जम्मू-कश्मीर ने 10-1 से और हरियाणा ने 6-0 से मैच जीता….
कार्यालय महालेखाकार (लेखा व हक.) पंजाब एवं यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा आयोजित इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स डिपार्टमेंट नार्थ ज़ोन फुटबॉल टूर्नामेंट के आज खेले गये पहले मुक़ाबले में एजी जम्मू-कश्मीर ने शुरू से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया और उत्तराखंड के ख़िलाफ़ खेले गए इस मैच में 10-1 से जीत दर्ज की। एजी जम्मू-कश्मीर की ओर से खेलते हुए सबसे अधिक चार गोल आसिफ ने किए 2-2 गोल शाकिर और वसीम ने और एक गोल करून ने किया। जबकि उत्तराखंड के पूरन ने एक ओन-गोल किया। आज का दूसरा मुक़ाबला एजी दिल्ली और एजी यूपी के बीच खेला गया जिसमें दोनों टीमों ने एक दूसरे को काँटे की टक्कर दी।
एजी दिल्ली के कुलभूषण ने 20वें मिनट में पेनल्टी किक लगाकर मैच का रुख़ बदल दिया। एजी दिल्ली और एजी यूपी के बीच हुए इस मुक़ाबले में एजी दिल्ली ने एजी यूपी को 1-0 से हराकर मैच अपने नाम किया। तीसरा मैच एजी हरियाणा और एजी हिमाचल प्रदेश के बीच खेला गया जिसमें एजी हरियाणा ने 6-0 से आसान जीत दर्ज की। एजी हरियाणा की ओर से शिवम ने तीन गोल किए। जबकि सौरभ, निखिल और हरविंदर पाल के 1-1 गोल के बाद एजी हरियाणा ने एजी हिमाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ खेले गए इस मैच को 6-0 से जीत लिया।


