खालसा कॉलेज ने मनाया मातृ-पितृ पूजन दिवस…
मोहाली 14 फरवरी 2026: मोहाली के खालसा कॉलेज (अमृतसर) ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज, फेज-3ए का सभागार उस समय भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब यहां मातृ-पितृ पूजन दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। यह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि संस्कारों, कृतज्ञता और पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उत्सव बन गया।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने जीवन में माता-पिता के महत्व का एहसास कराना था। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में शब्द गायन ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके बाद जब विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के साथ रैंप वॉक किया, तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। यह दृश्य केवल एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि पीढ़ियों के बीच प्रेम और विश्वास की अभिव्यक्ति था।
माइम एक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों ने माता-पिता के त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम को मंच पर जीवंत कर दिया। कई अभिभावकों की आंखें नम हो गईं। विद्यार्थियों द्वारा गायन और काव्य पाठ ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक ऊंचाई प्रदान की।
अपने संबोधन में डॉ. हरीश कुमारी ने कहा कि माता-पिता का सम्मान करना भारतीय संस्कृति की आधारशिला है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के अभिभावकों को पुष्पगुच्छ देकर प्रिंसीपल ने सम्मानित किया।


